भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक के मामलों पर लिए गए सख्त फैसलों का स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के करोड़ों विद्यार्थियों के हित में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।
नमन गुरुरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्टों के गठन का निर्णय लिया गया है और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से दिन-रात मेहनत करने वाले लाखों परीक्षार्थियों का व्यवस्था में विश्वास और मजबूत होगा। परीक्षा माफियाओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की यह दृढ़ता दर्शाती है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
गुरुरानी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। भाजयुमो उत्तराखंड युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार के इस निर्णय का पूर्ण समर्थन करता है।

















