भीमताल । जनपद के भीमताल क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता ने जनजीवन को दहशत में डाल दिया है। मंगलवार देर शाम खुटानी के पास हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब एक गुलदार अचानक बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलदार बाइक की चेन में फंस गया। गनीमत रही कि बाइक सवार दंपति सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।
दूसरी ओर, वन विभाग को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले सप्ताह ज्योली गांव में एक महिला को निवाला बनाने वाले संदिग्ध आदमखोर बाघ को विभाग ने ट्रेंकुलाइज कर लिया है। इसके साथ ही भद्यूनी क्षेत्र में भी एक अन्य गुलदार को पिंजरे में कैद किया गया। वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत ने बताया कि पकड़े गए बाघ की जांच की जा रही है ताकि पुष्टि हो सके कि क्या यह वही आदमखोर है। फिलहाल, रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों को सुरक्षित केंद्रों पर भेजा जा रहा है।

















