विश्व प्रसिद्ध नीम करौली महाराज के धाम कैंची धाम में शनिवार की देर रात उस समय भारी तनाव फैल गया, जब स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा। आरोप है कि दो पुलिसकर्मियों ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद देखते ही देखते भारी संख्या में आक्रोशित लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस के खिलाफ उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लोगों की मांग पर आरोपित दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल कराया गया। जिसमें दोनों की शराब सेवन करने की पुष्टि हुई है। दोनों आरोपित पुलिसकर्मी उधमसिंहनगर में पोस्टेड बताए जा रहे हैं, जो वर्तमान में कैंची धाम मेले में ड्यूटी में तैनात थे। पुलिस ने इस मामले की पुष्टि की है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शनिवार की सुबह जब ग्रामीण अपने वाहनों के साथ भवाली मंडी आए थे, तो पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाकर जंगल की तरफ भेज दिया। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों को उनके ही घरों और कमरों से दूर किया जा रहा है, जबकि पुलिस की मौजूदगी में लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटनाएं हो रही हैं, और विरोध करने पर स्थानीय लोगों को ही पीटा जा रहा है।ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि भवाली में मेला पहली बार नहीं हो रहा है, लेकिन इस बार पुलिस ने बेवजह कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा कर पूरे मंदिर परिसर को खाली करवा दिया है और क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है।
सोशल मीडिया पर इस हंगामे और नारेबाजी का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। मौके पर तैनात पुलिस बल लगातार स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करता दिखा, लेकिन स्थानीय जनता में पुलिस के इस रवैये को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।प्रदर्शनकारियों ने अब मुख्यमंत्री और जिला अधिकारी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
जनता के आक्रोश और मामले की गंभीरता को लेकर
कैंची धाम ड्यूटी में शराब और अभद्रता पर SSP का बड़ा एक्शन हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजू नाथ टी सी का खुले शब्दों में कहना है,ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल का कहना है। कैंची धाम स्थापना दिवस ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर अनुशासनहीनता एवं अभद्र व्यवहार के आरोप लगे हैं दोनों पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में रुके हुए थे।
आरोप है कि दोनों ने अत्यधिक शराब का सेवन किया तथा नशे की हालत में होमस्टे संचालक के परिवार की युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती के परिजनों एवं स्थानीय लोगों के साथ भी अभद्रता और मारपीट जैसी घटना की जानकारी सामने आई।सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। सीओ, एसपी एवं अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच की प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। स्थानीय लोगों की मौजूदगी एवं वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। अल्कोहल टेस्ट एवं मेडिकल परीक्षण में शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल हिरासत में लिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में नामजद एफआईआर दर्ज कर दी गई है। आरोपित पुलिसकर्मी वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है निलंबन के अतिरिक्त कठोरतमविभागीय कार्रवाई, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक शामिल है, की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपद के एसएसपी को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल की खुले शब्दों में चेतावनी है,धार्मिक ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और आपराधिक कृत्य को पुलिस विभाग कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है और दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई होगी।
एसएसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, नशाखोरी अथवा किसी भी प्रकार के आपराधिक आचरण पर तत्काल एफआईआर एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

















