नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कुलपति कार्यालय पहुंचने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कूटा (कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ) सहित अन्य प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने प्रो. बिष्ट को पुष्पगुच्छ भेंट किए और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जताई।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने नए कुलपति को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विवि परिसर में लड्डू एवं मिष्ठान का वितरण भी किया गया। उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रो. बिष्ट के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय का शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास नई ऊंचाइयों को छुएगा। नए नेतृत्व के आगमन से पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे, कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, निदेशक प्रो. संजय पंत, डॉ. शिवांगी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कुबेर गिनती, प्रो. हरीश बिष्ट, प्रो. अमित जोशी, प्रो. एलके सिंह, डॉ. मोहित रौतेला, डॉ. दीपक मेलकानी और एलडी उपाध्याय समेत भारी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




























