अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी युवा नवोन्मेषक रवि टम्टा ने अपने अद्भुत तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए नवाचार के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। उन्होंने स्वयं निर्मित सिंगल सीटेड फ्लाइंग व्हीकल “हैपिडा स्काइनेक्स (Hapida Skynex)” की सफल ट्रायल उड़ान भरकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
यह अनूठा फ्लाइंग व्हीकल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पावर से संचालित होता है, जो भविष्य की हरित और सतत तकनीक (Green & Sustainable Technology) की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। रवि टम्टा ने सीमित संसाधनों के बावजूद इस अत्याधुनिक डिवाइस को डिजाइन और निर्मित कर दिखाया है।
स्थानीय हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आयोजित इस ट्रायल के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के उपस्थित रहे। प्रशासनिक सुरक्षा मानकों की कड़ी निगरानी में फ्लाइंग व्हीकल का सफल परीक्षण संपन्न हुआ।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टम्टा से वीडियो कॉल के माध्यम से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने इस नवाचार को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव तकनीकी और वित्तीय सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं जिलाधिकारी ने इसे अल्मोड़ा जनपद के लिए अत्यंत गौरव का विषय बताया।

















