अल्मोड़ा जनपद हेतु चालू वित्तीय वर्ष की जिला योजना संरचना के परिव्यय बैठक जनपद प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रुपए 7473.70 लाख के परिव्यय को अनुमोदित किया गया।

इस परिव्यय में 5713.70 लाख रुपए सामान्य, 1737.30 लाख रुपए एससीएसपी तथा 22.70 लाख रुपए टीएसपी हेतु शामिल हैं। बैठक में जिला योजना के अध्यक्ष समेत उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभागों को आवंटित धनराशि पर सहमति जताई।

इस वित्तीय वर्ष में 1230 लाख रुपए जल संस्थान के लिए, लोक निर्माण विभाग के लिए 1060 लाख रुपए , प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए 500 लाख रुपए, पर्यटन विभाग के लिए 350 लाख रुपए, चिकित्सा एवं स्वास्थ रू0 300 लाख, पेयजल निगम को रू0 580 लाख, कृषि विभाग के लिए 320 लाख रुपए, 355 लाख रुपए पशुपालन विभाग के लिए सहित अन्य विभागों के लिए धनराशि अनुमोदित की गई है, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया साथ ही जनपद की जनसांख्यिकी एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार जिला योजना का बजट बढ़ाने की बात कही गई। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जिला योजना वर्ष 2026 -27 की विभागवार आवंटित की गई धनराशि का प्रस्तुतिकरण किया। साथ ही उन्होंने जिला योजना से संबंधित विविध प्रावधानों पर प्रकाश डाला। बीते वित्तीय वर्ष में किए गए नवाचारों एवं कार्यों का भी प्रस्तुतीकरण दिया गया । बैठक में जनपद प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि जितने भी प्रस्ताव विभागों को प्राप्त हुए हैं, उन्हें जिला प्लान में शामिल करते हुए त्वरित एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें एवं जिला योजना की धनराशि को जनपद के विकास के लिए ही खर्च किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला योजना में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को बजट के अनुसार लिया जाय।

ADVERTISEMENTS Ad