नैनीताल। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 14 और 15 नवंबर के लिए विशेष यातायात प्लान लागू किया है। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और जाम से बचने के लिए भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए रूट डायवर्जन निर्धारित किया गया है। साथ ही कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दिन सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक डायवर्जन प्लान प्रभावी रहेगा।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजे जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड से मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करने होंगे। यहां से श्रद्धालु और पर्यटक स्थानीय शटल सेवा से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलीकोट-गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा करना होगा। यहां से भी कैंची धाम तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम, सैनेटोरियम बाईपास और शिप्रा पुल भवाली होते हुए भेजा जाएगा।
पुलिस ने वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी, दोपहिया और पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। नैनीताल पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से निर्धारित रूट, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि यातायात जाम से बचा जा सके और श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।




























