(शिक्षा, संस्कार और सेवा का संदेश देते हुए दिवंगत विभूतियों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
ज्ञान विज्ञान चिल्ड्रन्स एकेडमी, हवालबाग एवं नागरिक शिक्षा केंद्र, हवालबाग में स्वर्गीय हीरा लाल साह, स्वर्गीय राजेश्वरी साह तथा उनके सुपुत्र स्वर्गीय भास्कर प्रसाद साह की पुण्य स्मृति में “स्मृति प्रोत्साहन समारोह” का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह के अंतर्गत विद्यालय के 70 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। स्कूल बैग पाकर बच्चे अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए। दिवंगत विभूतियों की स्मृति में यह प्रोत्साहन कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनका उत्साहवर्धन किया जाता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री गोविंद कुमार ने किया।
इस मौके पर वक्ताओं नेस्वर्गीय हीरा लाल साह, राजेश्वरी साह एवं भास्कर प्रसाद साह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे उच्च पदों पर आसीन होने के बावजूद सदैव समाज, विशेषकर बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन विद्यार्थियों को इस वर्ष इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें आगामी वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक पंत ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से विद्यालय को निःस्वार्थ सहयोग, मार्गदर्शन एवं संरक्षण प्राप्त होता रहा है, जो विद्यालय की प्रगति एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा श्री हेम चंद्र साह जी का भी आभार व्यक्त किया।
समारोह से पूर्व विद्यालय के शैक्षणिक स्तर, अनुशासन, भावी योजनाओं तथा वर्तमान शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित व करीब 200 छात्र /छात्राएं उपस्थित रहे।

















