भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मूवमेंट तथा LiFE (Lifestyle for Environment) अभियान के अंतर्गत गोविन्द बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान (GBPNIHE), कोसी-कटारमल, अल्मोड़ा द्वारा “संडेज ऑन साइकिल” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना तथा साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित करना था।


संस्थान के निदेशक डॉ. आई. डी. भट्ट के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. एस. सी. आर्या द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. के. एस. कनवाल तथा डॉ. ए. के. साहनी सहित अनेक शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने साइकिल रैली में भाग लिया।
कार्यक्रम में ए.एन.पी. हॉस्टल (NIHE) के विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। ए.एन.पी. हॉस्टल (NIHE) के छात्र प्रतिनिधि आशीष कुमार के नेतृत्व में पर्णिका गुप्ता, प्रवीण चौहान, अनुषा जोशी, पंकज प्रताप, रितिका गुप्ता, अभिषेक तथा मामुन मियां सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त दीप तिवारी, सौरभ मेहरा, सौरव नेगी, संजीव, दयाल सिंह बोरा तथा अतुल बिष्ट एवं अन्य शोधार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे कार्यक्रम को और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह प्राप्त हुआ।
साइकिल रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने, स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने और साइकिलिंग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने इस बात पर बल दिया कि फिटनेस और पर्यावरणीय स्थिरता एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं तथा व्यक्तिगत स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
इस अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के संदेश “आधा घंटा रोज” को दोहराते हुए प्रतिभागियों ने नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने “Choose Cycle, Choose Change” के संदेश को आत्मसात करते हुए फिट, हरित और खुशहाल भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। हिमालयी अंचल की सड़कों पर आयोजित यह पहल सामुदायिक सहभागिता, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी।

ADVERTISEMENTS Ad