​अल्मोड़ा। प्रसिद्ध नंदा देवी मेले के दौरान एडम्स इंटर कॉलेज मैदान परिसर में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में संचालित झूले का एक हिस्सा अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूट गया, जिससे झूले में सवार एक युवक सीधे नीचे गिर पड़ा। हादसे में युवक के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि झूले में मौजूद एक महिला को भी चोटें आई हैं।

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात झूला चलते समय अचानक तेज आवाज के साथ उसका एक भाग टूट गया। युवक के नीचे गिरते ही पूरे मेला क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

​घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झूले को सील कर दिया है। इसके साथ ही झूला संचालक से लाइसेंस एवं फिटनेस प्रमाणपत्र तलब किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों और तकनीकी स्थिति की गहनता से जांच की जा रही है, और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

ADVERTISEMENTS Ad