
भवाली। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा हरियाणा के पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर मल्ला रामगढ़ में अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 22 यात्री सवार थे। खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई।
भारी बारिश के बीच पुलिस और SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और SDRF (एसडीआरएफ) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बावजूद पुलिस और SDRF की टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से बिना वक्त गंवाए राहत व बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
CHC रामगढ़ में चल रहा घायलों का उपचार
खाई से निकाले गए सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामगढ़ भेजा गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका आपातकालीन उपचार किया जा रहा है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दो पर्यटकों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। वहीं, गाड़ी में बेहद गंभीर रूप से फंसे एक पर्यटक को बाहर निकालने के लिए मौके पर रेस्क्यू अभियान लगातार जारी रहा।
पुलिस जानकारी के अनुसार, हरियाणा से आए पर्यटक भवाली से मुक्तेश्वर भ्रमण के लिए जा रहे थे। मल्ला रामगढ़ में लक्ष्मीखान तिराहे से लगभग 1 किलोमीटर आगे मुक्तेश्वर मार्ग पर चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। असंतुलित होकर ट्रैवलर सड़क किनारे लगे पैरापेट को तोड़ते हुए सीधे खाई में जा गिरा।
सीओ (CO) रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे के समय टेंपो में 22 लोग सवार थे और प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

















