हल्द्वानी। नैनीताल जिले के बरेली रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में गुरुवार की सुबह दोहरे हत्याकांड से कोहराम मच गया। अज्ञात हमलावरों ने एक 19 वर्षीय युवती और 31 वर्षीय युवक की पत्थर से कुचलकर बड़ी ही निर्दयता से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान लक्ष्मी (19) निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और मृतक युवक की पहचान शुभम कुमार टम्टा (31) निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। लक्ष्मी के भाई सुरेश ने बताया कि उसकी बहन बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और अगस्त 2025 से एक रीहैब सेंटर में नौकरी कर रही थी। लक्ष्मी अपने 8 भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी, जबकि शुभम के 6 भाई-बहन हैं और उसके परिवार के अधिकांश सदस्य शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं।

फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। शवों की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने पहचान छिपाने और अपना गुस्सा निकालने के लिए भारी पत्थर से उनके सिर और चेहरे को कई बार कुचला।

पुलिस इसे शुरुआती तौर पर प्रेम प्रसंग या आपसी रंजिश से जुड़ा मामला मान रही है। लक्ष्मी नौकरी की वजह से अपने दफ्तर के पास मुखानी क्षेत्र में शिफ्ट हो गई थी। पुलिस अब मंडी परिसर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि दोनों मंडी के भीतर कब पहुंचे और उनके साथ कौन-कौन मौजूद था।

​एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। मंडी के मजदूरों और व्यापारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए इस दोहरे हत्याकांड की सच्चाई जल्द ही सामने आने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENTS Ad