गरमपानी । खैरना और गरमपानी क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है, जिससे राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों का जीना मुहाल हो गया है। ताजा घटना में, खैरना से गरमपानी के एक घर में लकड़ी का काम करने आए एक बढ़ई पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उसके पैर को बुरी तरह काट लिया। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए भेजा गया है, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कुत्तों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि अब बच्चों का घर से बाहर निकलकर खेलना भी मुश्किल हो गया है। अभिभावकों को डर है कि कहीं उनके बच्चे भी इन खूंखार कुत्तों का शिकार न बन जाएं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में आने वाले ग्राहकों और राहगीरों पर भी कुत्ते आए दिन झपट्टा मार रहे हैं।

​व्यापारियों और राहगीरों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सड़कों के बीचों-बीच आवारा कुत्तों के झुंड जमा रहते हैं। इससे न केवल पैदल चलने वालों को खतरा है, बल्कि दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों के लिए भी यह बड़ी मुसीबत बन गए हैं। कुत्तों के अचानक सड़क पर दौड़ने से कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

​स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि इन आवारा कुत्तों के आतंक से जल्द निजात दिलाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो किसी दिन कोई बड़ी अनहोनी घट सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad