पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के गणाईगंगोली तहसील अंतर्गत तल्ली नायल गांव से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां राजकीय इंटर कॉलेज नायल में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले 17 वर्षीय छात्र अनुज नैनवाल ने अपने ही कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले छात्र ने अपने मोबाइल पर एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे देखकर परिजनों का कलेजा कांप उठा।

भावुक कर देने वाले आखिरी शब्द

घटना के बाद जब परिजनों ने अनुज का मोबाइल फोन चेक किया, तो उसमें मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया वीडियो मिला। वीडियो में छात्र कैमरे के सामने रोते हुए कह रहा है— “मम्मी, पापा, ददा (भाई) सॉरी… मैं जा रहा हूं, सोचते-सोचते जा रहा हूं।” अनुज के इन आखिरी शब्दों को सुनकर परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं।

कमरे में लटकता मिला शव

पुलिस के अनुसार, तल्ली नायल गांव निवासी जगदीश नैनवाल के पुत्र अनुज ने शनिवार की रात अपने कमरे के अंदर फांसी लगा ली थी। रविवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो चिंतित स्वजनों ने कमरे का दरवाजा खोला। अंदर अनुज का शव रस्सी के फंदे से लटक रहा था। दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस जांच जारी

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए बेरीनाग भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद सेराघाट पर नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन और वीडियो जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। फिलहाल आत्महत्या के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, और पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad