(स्थानांतरण के बाद अल्मोड़ा में 49 चिकित्सकों की तैनाती,नई टीम के साथ और बेहतर होंगी स्वास्थ्य सेवाएं : योगेश पुरोहित, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी)

जनपद अल्मोड़ा में चिकित्सकों के स्थानांतरण के उपरांत स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में विशेषज्ञ एवं सामान्य चिकित्सकों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। नई टीम के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। स्थानांतरण का स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा तथा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा व्यवस्था पूर्ववत सुचारु रूप से संचालित होती रहेगी।

जनपद में स्थानांतरण के माध्यम से कुल 49 चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इनमें 2 फिजिशियन, 3 शिशु रोग विशेषज्ञ, 2 ऑर्थोपेडिक सर्जन, 2 ईएनटी विशेषज्ञ, 2 पैथोलॉजिस्ट, 1 एनेस्थेटिस्ट, 1 नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा 1 स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त शेष एमबीबीएस चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) तथा दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात किया गया है।

प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी योगेश पुरोहित ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जनपद में उपचार सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। नई टीम के सहयोग से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, दूरस्थ क्षेत्रों तक चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने तथा मरीजों को समयबद्ध एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad