गरमपानी: तहसील श्री कैंचीधाम (खैरना) के सामने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में सुबह से ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

तहसीलदार बी.सी. भण्डारी की मौजूदगी में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान की शुरुआत की। प्रशासन ने सबसे पहले भवनों में रखा सामान सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद जेसीबी की मदद से एक अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, जबकि पांच अन्य पक्के भवनों को सील कर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पूर्व में निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं कब्जा हटाने का नोटिस दिया गया था। मियाद समाप्त होने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया। तहसीलदार बी.सी. भण्डारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक नटेश अश्वाल, पटवारी मौ. शकील, रवि पाण्डेय, कमल जोशी, और सतीश उपाध्याय सहित पुलिस व प्रशासनिक टीम मौजूद रही।

















