- 20 वर्षों की कड़ी मेहनत और आधुनिक कृषि तकनीक ने ताड़ीखेत की महिला किसान को दिलाई राष्ट्रीय पहचान
अल्मोड़ा। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय “महिला किसान दिवस” के अवसर पर उत्तराखंड का मान बढ़ा है। जनपद अल्मोड़ा के ताड़ीखेत विकासखंड अंतर्गत ग्राम वलना की निवासी श्रीमती प्रीति पंत को कृषि के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों और उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
श्रीमती प्रीति पंत पिछले 20 वर्षों से खेती से जुड़ी हैं। शुरुआत में पारंपरिक खेती के कारण उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था। लगभग 10-12 वर्ष पूर्व वह कृषि विभाग के संपर्क में आईं और ‘आत्मा योजना’ के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षणों व भ्रमण कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाया।
उन्होंने मडुवा, गेहूँ, भट्ट, मसूर, मक्का, उड़द, ताजी सब्जियों और मसालों की उन्नत खेती शुरू की। कृषि विभाग की मदद से उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना की, जिसमें पावर वीडर, ब्रश कटर, चैफ कटर और चक्की जैसे आधुनिक यंत्रों का उपयोग कर अपनी आय बढ़ाई।
उनकी इस लगन और सफलता की कहानी को मुख्य कृषि अधिकारी अल्मोड़ा, श्री विजय प्रकाश मौर्य द्वारा केंद्र सरकार को भेजा गया था। पूरे प्रदेश से एकमात्र महिला कृषक के रूप में उनका चयन होना उत्तराखंड और अल्मोड़ा जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।






















