
पिथौरागढ़। जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी पिथौरागढ़ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24.74 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 06 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक एसओजी श्री नीरज भाकुनी के नेतृत्व में कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र के शनि मंदिर के पास सघन चेकिंग एवं गश्त के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक जोशी उर्फ दीपू चाउमीन (29 वर्ष) निवासी पाण्डेगांव, नियर केदार कॉलोनी, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 24.74 ग्राम हेरोइन (कागज सहित) तथा 3,400 रुपये नकद बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवाओं को हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बेचकर अवैध कमाई करता था।
अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास नशे से जुड़ी कोई गतिविधि दिखाई दे तो मानस हेल्पलाइन 1933 या स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

















