हल्द्वानी: शहर के कालाढूंगी रोड पर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब एक शराबी चालक ने अपनी बेकाबू कार से जमकर कहर बरपाया। जेल रोड चौराहा के पास यूनियन बैंक के सामने से अनियंत्रित हुई तेज रफ्तार कार ने रिलैक्सो शोरूम तक कई दोपहिया वाहनों और राहगीरों को रौंद डाला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोगों को लगा मानो कोई ट्रांसफॉर्मर फट गया हो। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

​हादसे के बाद घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने कार (संख्या uk 04A-9153) चला रहे पंकज जोशी को दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने जब उसे बाहर खींचा, तो वह शराब के नशे में पूरी तरह धुत था और उसे अपने किए पर कोई होश या पछतावा नहीं था। बताया जा रहा है कि आगे जाकर एक बिजली के पोल से कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जिससे चालक पंकज की जान बच गई।

​प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पर सूचना के 45 मिनट बाद देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। इसके बाद कोतवाल विजय मेहता पुलिस टीम के साथ पहुंचे और चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS