अल्मोड़ा-समाजसेवा और जनसहयोग का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा के प्रयासों तथा प्लस एप्रोच फाउंडेशन के सहयोग से राजपुर क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर एक परिवार के जर्जर भवन के जीर्णोद्धार का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।लंबे समय से बदहाल स्थिति में रह रहे परिवार को अब सुरक्षित और बेहतर आवास उपलब्ध होने से उनके चेहरे पर खुशी लौट आई है।
भवन के जीर्णोद्धार कार्य के पूर्ण होने पर रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिवार को शुभकामनाएं दीं तथा इस मानवीय पहल में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना ही रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे मानवीय कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।इस अवसर पर रेडक्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने कहा कि प्रशासन,सामाजिक संस्थाओं और समाज के सहयोग से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी अल्मोड़ा एवं प्लस एप्रोच फाउंडेशन के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
इस मौके रेडक्रॉस के पदाधिकारी , नगर निगम पार्षद सहित अन्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल को जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।भवन के जीर्णोद्धार कार्य के पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

















