रानीखेत। नगर के गनियाद्योली स्थित एसएसबी कैंप के समीप बने डंपिंग जोन में मंगलवार रात अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़े दो वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक अल्टो कार जलकर पूरी तरह राख हो गई, जबकि पास ही खड़ा दूसरा वाहन भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, दमकल टीम और पुलिस की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की रात करीब 8:25 बजे फायर स्टेशन रानीखेत को गनियाद्योली स्थित डंपिंग जोन में आग लगने की सूचना मिली। आपातकालीन कॉल मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना समय गंवाए मौके के लिए रवाना हुई। जब तक टीम पहुंची, आग विकराल रूप ले चुकी थी।

​डंपिंग जोन में खड़े वाहनों में से अल्टो कार (संख्या UK01TA-2669) पूरी तरह आग का गोला बन चुकी थी और जलकर खाक हो गई। वहीं, पास खड़े दूसरे वाहन (संख्या UK01B-4961) को भी आग की लपटों ने नुकसान पहुंचाया।

​घटना की सूचना पर रानीखेत कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। फायर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होज पाइप की मदद से वाटर स्प्रे कर आग बुझाने का मोर्चा संभाला। टीम की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया गया, जिससे आग को आसपास के रिहायशी या कैंप क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।

​इस अग्निशमन अभियान में एफएसएसओ गणेश चंद्र के नेतृत्व में एलएफएम खीमानंद व उमेश गौड़, चालक बलवंत सिंह व दयाधर ध्यानी तथा फायरमैन दीपक सिंह की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad