(खेल प्रतिभाओं का होगा शक्ति प्रदर्शन,रामलीला मंच कर्नाटकखोला बनेगा खेल का अखाड़ा,ताइक्वांडो के साथ क्रिकेट और बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं की तैयारियां भी अंतिम चरण में)


अल्मोड़ा-जनपद में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से कल 5 जुलाई रविवार को रामलीला मंच कर्नाटकखोला में अल्मोड़ा कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।जिले भर से आने वाले सैकड़ों खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपने हुनर,अनुशासन और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। प्रतियोगिता स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और आयोजक इसे अब तक के सबसे सफल खेल आयोजनों में शामिल कराने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कराना नहीं बल्कि उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना भी है।आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सबसे प्रभावी माध्यम बनते हैं।प्रतियोगिता में पी-वी, सब-जूनियर,कैडेट एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे और विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता का संचालन हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में तैनात ताइक्वांडो कोच वंदना भण्डारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।उनके नेतृत्व में पिछले कई दिनों से खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर संचालित हो रहा है जिसमें खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल,संतुलन, आत्मरक्षा की आधुनिक तकनीकों के साथ शारीरिक फिटनेस पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों ने कठिन अभ्यास के माध्यम से प्रतियोगिता के लिए खुद को पूरी तरह तैयार किया है।आयोजन को सफल बनाने में पूर्व दर्जा मंत्री एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बिट्टू कर्नाटक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका कहना है जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है ताकि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हों।
ताइक्वांडो प्रतियोगिता के साथ-साथ क्रिकेट एवं बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं के लिए भी प्रशिक्षण शिविरों में खिलाड़ियों का नियमित अभ्यास जारी है। प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, शारीरिक फिटनेस, रणनीति और मानसिक मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन समिति का कहना है कि आने वाले दिनों में इन प्रतियोगिताओं का भी भव्य आयोजन किया जाएगा जिससे जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि अल्मोड़ा जैसे पर्वतीय प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के साथ युवा खिलाड़ियों का जोश, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिलेगी। आयोजकों ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS