गरमपानी ।अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरमपानी के फ्रॉक प्वाइंट के पास सड़क चौड़ीकरण और मलबा हटाने के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है. बीती रात जेसीबी द्वारा मलबा हटाए जाने के दौरान इलाके की पेयजल आपूर्ति से जुड़ा पानी का नल (पाइप) टूट गया।
पाइप टूटने के कारण हजारों लीटर पानी पूरी रात सड़क पर बहता रहा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई। पाइप क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को सुबह के समय पेयजल संकट का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हुई और लोगों में भारी परेशानी देखने को मिली।
सुबह जब स्थानीय नागरिकों ने इस लापरवाही और पानी की बर्बादी की शिकायत संबंधित विभाग व अधिकारियों से की, तब जाकर प्रशासनिक स्तर पर सुध ली गई। इसके बाद टूटे हुए पानी के नल और पाइपलाइन की मरम्मत कर उसे दोबारा जोड़ा गया, जिसके बाद जाकर जलापूर्ति सुचारू हो सकी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सड़क पर मलबा हटाने का कार्य करते समय सावधानी बरती जाए ताकि इस तरह की बुनियादी समस्याओं का सामना दोबारा न करना पड़े।






















