उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी वार रूम की जिम्मेदारी कृष्ण सत्रोद को
एआईसीसी ने पांच राज्यों के लिए वार रूम अध्यक्षों की नियुक्ति की, तत्काल प्रभाव से लागू होगा निर्णय
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न राज्यों में चुनावी वार रूम के अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी की।
जारी सूची के अनुसार, उत्तराखंड में कृष्ण सत्रोद को चुनावी वार रूम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में सचिन यादव, पंजाब में कन्नन गोपीनाथन, गोवा में इम्रोज खान और मणिपुर में बिस्वरंजन मोहंती को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए वार रूम की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके माध्यम से चुनावी गतिविधियों के समन्वय और पार्टी की तैयारियों को व्यवस्थित करने का काम किया जा सकता है।






















