गरमपानी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार, 13 सितंबर 2026 को गरमपानी मण्डल अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज रातीघाट में एक दिवसीय युवा खेल सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सह जिला कार्यवाह श्री दिनेश रावत के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में क्षेत्र के लगभग 80 से 100 युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।


प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चले इस आयोजन में खो-खो, कबड्डी और रस्सा-कसी जैसी पारम्परिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। सभी स्पर्धाओं में युवाओं ने उत्कृष्ट खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आरएसएस के जिला प्रचारक श्री अभिषेक जी ने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं और संघ में खेलों के माध्यम से ही राष्ट्रसेवा तथा अनुशासन का पाठ सिखाया जाता है।


कार्यक्रम में जिला बौद्धिक प्रमुख मनोहर जी, जिला परिवार प्रबोध प्रमुख राम सिंह रौतेला, खंड संपर्क प्रमुख गौरव पड़लिया, पूर्व प्रचारक कमलेश बुधलाकोटी, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरज तिवारी तथा महामंत्री राहुल तिवारी सहित संघ व संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad