( नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने श्रद्धांजलि अर्पित की)


सालम क्रांति दिवस के अवसर पर आज धामदेव स्थित शहीद स्मारक में स्वतंत्रता सेनानी शहीद नर सिंह धानक और टीका सिंह कन्याल की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। दोनों स्वतंत्रता सेनानियों ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए 25 अगस्त 1942 को इसी स्थान पर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष धामदेव में सालम क्रांति दिवस मनाया जाता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शहीदों के जीवन, उनके संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए बलिदान को याद किया गया। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन पत्र प्राप्त किए तथा पात्र लोगों को दवाओं, उपकरणों एवं अन्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया। शिविर में कुल 1,359 लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ लिया। विभिन्न विभागों को कुल 327 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनका शत प्रतिशत निस्तारण किया गया।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।

ADVERTISEMENTS Ad