गरमपानी: गरमपानी-सुयालबाड़ी-नथुवाखान-ओड़ाखान स्टेट हाईवे पर सुयालबाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य गेट के पास सड़क का हिस्सा धंसने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से सड़क की नींव कमजोर हो गई है, जिससे सीएचसी भवन और अस्पताल परिसर की सुरक्षा पर भी संकट गहरा गया है। यदि समय रहते इस हिस्से का स्थायी उपचार नहीं किया गया, तो आगामी दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

सड़क की स्थिति बिगड़ते देख लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने मौके पर जेसीबी मशीन तैनात की। मार्ग को समतल कर फिलहाल छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी गई है।
हालांकि, स्थानीय निवासियों अंकित सुयाल और मदन सुयाल ने कहा कि केवल अस्थायी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने लोनिवि से मांग की है कि सड़क का तत्काल स्थायी निर्माण कराया जाए और सीएचसी परिसर को भूधंसाव से बचाने के लिए सुरक्षा दीवार सहित ठोस इंतजाम किए जाएं।

मामले में लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि जेसीबी भेजकर छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया गया है। विभाग मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















