हल्द्वानी: MBPG कॉलेज की छात्रा ने की आत्महत्या, मौत से पहले दोस्त को भेजा मोबाइल पिन
हल्द्वानी (नैनीताल): काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में एक 24 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान दिव्या आर्या के रूप में हुई है, जो MBPG कॉलेज में स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा थी। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को अनहोनी की भनक तक नहीं लगी।
घटनाक्रम के अनुसार, रविवार रात दिव्या ने परिवार के साथ खाना खाया और कमरे में चली गई। इसके बाद उसने अपने एक करीबी मित्र को मोबाइल का पासवर्ड (पिन कोड) मैसेज किया। इस अजीब संदेश से आशंकित होकर दोस्त ने दिव्या को लगभग 40 बार कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा। घबराकर जब वह दिव्या के घर पहुँचा और दरवाजा खोला, तो छात्रा मृत पाई गई।
दिव्या चार बहनों में सबसे बड़ी थी और एक साल पहले ही उसके पिता का निधन हुआ था। माँ मजदूरी कर बेटियों की पढ़ाई का खर्च उठा रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह गुत्थी सुलझाने में जुटी है कि आखिर दिव्या ने आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले अपने फोन का लॉक क्यों साझा किया।

















