अल्मोड़ा। उत्तर भारत के सबसे बड़े नगर सहकारी बैंक, अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लि. के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक की मजबूत आर्थिक स्थिति, पारदर्शी कार्यप्रणाली, बेहतर सुशासन और सुरक्षित आईटी (IT) ढांचे को देखते हुए इसे मोबाइल बैंकिंग सेवा संचालित करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

​बैंक प्रबंधन के अनुसार, वर्तमान में इस नई सेवा के लिए आवश्यक तकनीकी परीक्षण और सभी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। जल्द ही यह डिजिटल सुविधा बैंक के सभी खाताधारकों और ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। इस सेवा के शुरू होने से ग्राहक घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से बैंकिंग लेनदेन, बैलेंस चेक और अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे, जिससे उनका समय बचेगा और बैंकिंग प्रक्रिया अधिक सुलभ हो जाएगी।

​बैंक के अध्यक्ष सी.ए. महेश चन्द्र जोशी, उपाध्यक्ष डॉ. वसुधा पन्त और प्रबंध निदेशक/सीईओ श्री पी.सी. तिवारी ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बैंक के निरंतर प्रयासों और ग्राहकों के भरोसे का परिणाम है। बैंक के संचालक मंडल और कर्मचारियों ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए भारतीय रिजर्व बैंक का आभार व्यक्त किया है। जल्द ही मोबाइल ऐप के लॉन्च की तिथि और उपयोग की विधि साझा की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad