गरमपानी: गरमपानी-भवाली अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जडमिला के पास गुरुवार को उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) की रोडवेज बस और एक मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बस के अगले हिस्से के नीचे फंस गई, जबकि बाइक सवार युवक टक्कर लगते ही बाइक से दूर सड़क पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में घायल युवक की पहचान ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर निवासी 23 वर्षीय रमनदीप सिंह, पुत्र परमदीप सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रमनदीप अपनी बाइक (UK 18 T 5171) पर बाजपुर से खैरना की ओर आ रहा था। इसी दौरान, जडमिला के पास सामने से अल्मोड़ा डिपो की एक रोडवेज बस (UK 07 PA 6090), जो अल्मोड़ा से दिल्ली की ओर जा रही थी, के साथ उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसा होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचित किया और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के चिकित्साधिकारी डॉ भास्वर सिंह गुप्ता ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में तेज गति और मोड़ पर लापरवाही हादसों का बड़ा कारण बनती है।

















