( भारी संख्या में वाहनों के व श्रृद्धालुओं के आने से यातायात व्यवस्था पर दबाव जरूर है पर स्थानीय ग्रामीणों की सुविधा पर ध्यान रखा जा रहा है, भ्रामक खबरों के प्रचार-प्रसार से दूर रहने का आह्वान)
मिडिया सैल नैनीताल जनपद पुलिस ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है,नैनीताल जनपद पुलिस के संज्ञान में आया है सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रामक प्रचार किया जा रहा है कि कैंची धाम क्षेत्र में स्थानीय लोगों को रोका जा रहा है। डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने स्पष्ट किया है कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा एवं आस-पास के क्षेत्र के सभी स्थानीय निवासी वैध स्थानीय पहचान पत्र (आईडी) दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निर्बाध आवागमन कर सकते हैं। स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा ऐसी अफवाहों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें।कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आगमन के कारण क्षेत्र में अत्यधिक यातायात दबाव है। ऐसे में कुछ स्थानों पर यातायात का धीमा होना स्वाभाविकहै, फिर भी पुलिस द्वारा यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी अनुमति दी जा रही है।
इसके लिए होटल की पुष्ट बुकिंग दिखानी होगी, जिसके सत्यापन के उपरांत तत्काल वाहन को आगे जाने दिया जाएगा।इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि स्थानीय नागरिकों एवं वैध बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सुविधा प्रदान की जाए।
एसएसपी नैनीताल ने सभी श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से संयम बनाए रखने तथा पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था एवं निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि सभी को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।स्टिकर सिस्टम और शटल सेवा बनी सफलता की कुंजी, आज दिनांक 14-06-2026 को अब तक 20,000 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन,कैंची धाम में यातायात व्यवस्था दुरुस्त। कैंची धाम मेला दिवस-2026 के अवसर पर कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू बनी हुई है।
कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है तथा श्रद्धालुओं का आवागमन व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु शटल सेवा लगातार संचालित की जा रही है और सभी शटल वाहन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुचारू रूप से चल रहे हैं। सभी श्रद्धालु एवं वाहन चालक निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का पालन करते हुए अपनी यात्रा सुरक्षित एवं सहज रूप से जारी रखें।
शटल संचालन को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रखने के लिए स्टिकर सिस्टम प्रभावी रूप से लागू किया गया है। निर्धारित स्टिकर लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है तथा स्टिकर के माध्यम से वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित किया जा रहा है।नैनीताल पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

















