(*सामुदायिक पुलिसिंग को धरातल पर मजबूत करती बागेश्वर पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों की जानी कुशलक्षेम, ।
*नशे के दुष्प्रभावों व साइबर अपराध से किया जागरूक।)
अल्मोड़ा/ बागेश्वर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नागरिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु व्यापक स्तर पर सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बागेश्वर अनिल उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ गांवों में अकेले निवास कर रहे बुजुर्गों व वरिष्ठ नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। पुलिस टीम ने उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी आकस्मिक संकट, बीमारी या आपातकालीन आवश्यकता के समय बागेश्वर पुलिस उनकी सेवा और सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपस्थित महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों तथा घरेलू हिंसा के विरुद्ध बने कड़े कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090 एवं राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर डायल 112 की उपयोगिता समझाई गई।
वर्तमान डिजिटल युग में वरिष्ठ नागरिकों व आमजन को निशाना बना रहे साइबर अपराधियों के प्रति सचेत करते हुए “डिजिटल अरेस्ट”, ऑनलाइन लॉटरी फ्रॉड, फर्जी बिजली बिल मैसेज तथा बैंक अधिकारी बनकर आने वाली फर्जी कॉल्स के खतरों से आगाह किया गया। सभी को अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी (OTP/PIN) साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई तथा ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।




























