भवाली। साइबर ठगों का जाल लगातार गहराता जा रहा है। भवाली में PNB बैंक के नाम पर एक फर्जी फाइल भेजकर व्यक्ति का मोबाइल हैक कर लिया गया और उनके खाते से करीब 17.50 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराने के साथ ही कोतवाली भवाली में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेहड़, गोल बिल्डिंग के पास निवासी पीड़ित रतन प्रकाश कन्नौजिया ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि 18 अगस्त की सुबह करीब 11:30 बजे जब वह घर पर थे, तब उनके फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा PNB बैंक से जुड़ी एक फाइल भेजी गई। जैसे ही उन्होंने उस फाइल को खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके तुरंत बाद उनके पंजाब नेशनल बैंक (PNB) खाते से दो अलग-अलग लेनदेन में पहले 3 लाख रुपये और फिर 14,50,007.08 रुपये निकाल लिए गए। इस तरह खाते से कुल 17,50,007 रुपये की धोखाधड़ी की गई।
खाते से रकम कटने का मैसेज मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और भवाली कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपराध संख्या 32/26 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 418(4) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, संबंधित बैंक खातों और ट्रांजैक्शन डिटेल्स की गहनता से जांच कर रही है।

















