भीमताल: चारा लेने गई बुजुर्ग महिला को वन्यजीव ने बनाया निवाला, खाई में मिला शव
नैनीताल। उत्तराखंड के भीमताल ब्लॉक स्थित जून स्टेट क्षेत्र में उस वक्त मातम छा गया, जब लापता होने के 24 घंटे बाद एक बुजुर्ग महिला का क्षत-विक्षत शव जंगल की गहरी खाई से बरामद हुआ। घटना के बाद से पूरे इलाके में बाघ के हमले की दहशत बनी हुई है।

भीमताल के वार्ड नंबर छह, जून स्टेट निवासी गंगा देवी (60), पत्नी राजेंद्र प्रसाद, सोमवार सुबह करीब 10 बजे रोज की तरह मवेशियों के लिए चारा लेने पास के जंगल में गई थीं। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटीं, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका में ग्रामीणों और वन विभाग को सूचित किया।

सोमवार रात को सघन तलाशी अभियान चलाने के बावजूद महिला का सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह दोबारा खोजबीन शुरू की गई, तो जंगल के भीतर एक दुर्गम खाई में गंगा देवी का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति और शरीर पर गहरे घावों को देखकर स्पष्ट है कि उन पर किसी खूंखार वन्यजीव ने हमला किया है।

पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया और स्थानीय लोगों का मानना है कि यह हमला बाघ द्वारा किया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। उनकी मांग है ।

  • सुरक्षा के लिए ट्रैप कैमरे स्थापित हों और गश्त बढ़ाई जाए।
  • पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
    वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षेत्र में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

ADVERTISEMENTS Ad