गरमपानी : क्षेत्र के होटलों और रेस्टोरेंटों में घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार को राजस्व विभाग और खाद्य पूर्ति विभाग की एक संयुक्त टीम ने खैरना, गरमपानी तथा छड़ा क्षेत्रों में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अचानक हुई छापेमारी से नियम विरुद्ध काम कर रहे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।

​अभियान के दौरान टीम ने कई प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। निरीक्षण में पाया गया कि कई व्यावसायिक होटलों और ढाबों में धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो कि पूरी तरह नियमों के खिलाफ है। मौके पर ही कार्रवाई करते हुए टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 6 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।

​खाद्य पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत ने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है और पकड़े गए मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि विभाग आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रखेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन की अपील: उपजिलाधिकारी दिव्यांश मीणा ने सभी होटल व रेस्टोरेंट संचालकों से केवल अधिकृत व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस कनेक्शन का ही उपयोग करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

​इस महत्वपूर्ण संयुक्त कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी दिव्यांश मीणा, खाद्य पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत और नरेश अश्वाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad