(बागेश्वर में बुजुर्ग दंपति हत्याकांड का ह खुलासा, आरोपी भतीजा चंद घंटों में गिरफ्तार।)
बागेश्वर। कलयुगी भतीजे ने रिश्तों को किया तार तार, चाचा चाची का हत्यारा हुआ गिरफ्तार। बागेश्वर जिले के बैजनाथ थाना क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुरानी रंजिश के चलते भतीजे ने अपने ही 70 वर्षीय चाचा पूरन चन्द्र खोलिया और 62 वर्षीय चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया था, गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बैजनाथ, कौसानी, कपकोट और झिरौली पुलिस के साथ एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।
जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ राजस्व क्षेत्र गागरीगोल में हत्या के प्रयास का मामला पहले से दर्ज बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






















