गरमपानी-बेतालघाट क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात रामलीला देखकर बाइक से घर लौट रहे दो किशोरों पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिससे दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चापड़ (बेतालघाट) निवासी 16 वर्षीय राहुल कुमार और अनुज कुमार मंगलवार रात करीब 11 बजे रामलीला देखकर मोटरसाइकिल से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेंदुए ने दोनों किशोरों के पैरों पर पंजा मारकर उन्हें जख्मी कर दिया। स्थानीय लोगों की त्वरित मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की गम्भीरता को देखते हुए बुधवार को रानीखेत वन क्षेत्र के बिल्लेख अनुभाग के तहत वन विभाग की टीम ने चापड़ गांव पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वन क्षेत्राधिकारी तापस मिश्रा के निर्देशन में विभागीय टीम ने मौके का जायजा लिया। ग्रामीणों की सुरक्षा और तेंदुए की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए क्षेत्र में गुरुवार को ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे।

साथ ही, वन विभाग द्वारा नियमों के तहत घायल किशोरों को उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तेंदुए की सक्रियता पर शीघ्र ठोस अंकुश लगाने की पुरजोर मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad