हल्द्वानी। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देवी-देवताओं और मातृशक्ति के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। मुखानी पुलिस ने चर्चित चेहरा ज्योति अधिकारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, यह मामला अंकिता भंडारी हत्याकांड के विरोध में हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में आयोजित एक प्रदर्शन से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान ज्योति अधिकारी ने अपने हाथ में दराती लेकर उत्तराखंड की महिलाओं और यहां की पवित्र लोक आस्थाओं के खिलाफ बेहद अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और संगठनों में भारी रोष देखा गया।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि ज्योति अधिकारी पूर्व में भी कई सोशल मीडिया वीडियो में महिलाओं के लिए अभद्र भाषा और अपशब्दों का प्रयोग करती नजर आई हैं। पुलिस के अनुसार, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिशों के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस वीडियो साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

















