रामनगर : उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और धार्मिक अतिक्रमण के खिलाफ धामी सरकार की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह कॉर्बेट सिटी रामनगर के देहाती क्षेत्र में जिला प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध मजारों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
एडीएम विवेक राय के अनुसार, एसडीएम गोपाल चौहान के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने करीब दो सप्ताह पूर्व क्षेत्र की अवैध धार्मिक संरचनाओं का चिह्नीकरण व सर्वे किया था। इसके बाद संबंधित स्थल पर दो हफ्ते पहले नोटिस चस्पा किए गए थे। नोटिस की तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने साँवलदे और बसई स्थित इन दोनों संरचनाओं को अवैध मानते हुए ध्वस्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कड़ा रुख कायम है। सीएम धामी पहले ही स्पष्ट कह चुके हैं कि राज्य में नीली-हरी चादर डालकर सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी अभियान के तहत राज्यभर में अब तक 600 से अधिक अवैध मजारों व धार्मिक अतिक्रमणों को हटाया जा चुका है।





















