( शिक्षा विभाग ने बयां की हकीकत)
सोशल मीडिया के माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर के छात्रों का विद्यालय से बाहर किसी अन्य स्थान पर टेबल टेनिस खेलते हुए वीडियो संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को वीडियो के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए।इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी रवि मेहता ने बताया कि जनपद के राजकीय विद्यालयों में खेल अवस्थापना को लेकर पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर में भी टेबल टेनिस खेलने की सुविधा मौजूद है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से जानकारी लेने पर यह स्पष्ट हुआ कि विद्यालय समय के उपरांत छात्रों को टेबल टेनिस खेलने के लिए विद्यालय में उपलब्ध सुविधा का उपयोग करने के संबंध में अभी तक कोई आवेदन विद्यालय को प्राप्त नहीं हुआ था। ऐसे में सोशल मीडिया पर वीडियो को विद्यालय में खेल सुविधाओं के अभाव अथवा अन्य भ्रामक संदर्भ से जोड़कर प्रसारित करना तथ्यात्मक रूप से उचित नहीं है।जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रशासन एवं शिक्षा विभाग बच्चों के खेल एवं उनके सर्वांगीण विकास के प्रति पूरी तरह सजग है।
विद्यालयों में उपलब्ध खेल सुविधाओं के बेहतर उपयोग तथा विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग को लेकर विद्यार्थियों को आवश्यकता के अनुसार उचित अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि उक्त वीडियो को कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा भ्रामक संदर्भ के साथ प्रचारित करने का प्रयास किया गयाप्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो अथवा सामग्री को बिना तथ्यात्मक जानकारी के भ्रामक संदर्भ में प्रचारित नहीं किया जाना चाहिए।
संबंधित वीडियो को भी कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा गलत एवं भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किए जाने का प्रयास किया गया, जबकि वास्तविक स्थिति विद्यालय स्तर पर प्राप्त जानकारी से भिन्न है।
उल्लेखनीय है कि सोशियल मिडिया में प्रचारित प्रसारित किया गया कि कबीना मंत्री रेखा आर्या (जो खेल मंत्री भी हैं) के गृह क्षेत्र सोमेश्वर में होनहार टेबल टेनिस खिलाड़ी के लिए सुविधाओं के अभाव में बच्चे वहां टेबल टेनिस खेलने के लिए विवश हैं जहां शव रखा जाता है।

















