( राजनैतिक संन्यास की ख़बरों का खंडन कर तंज कसा)


उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता हरीश रावत की राजनैतिक संन्यास की ख़बरों का खंडन करते हुए तंज कसा है, एक बयान जारी कर हरीश रावत ने कहा
एक खबर मुझे लेकर बड़ी वायरल करने की कोशिश हो रही है और देश व दुनिया के मीडिया तक उसको पहुंचाया जा रहा है और सुनियोजित तरीके से पहुंचाया जा रहा है। वह खबर है कि “हरीश रावत ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की”।

मैं अब उस कान को ढूंढ रहा हूं, जिस कान पर मैंने संन्यास लेने की घोषणा की। राजनीति के अंदर आप बहुत सारे काम करते हैं, कुछ एक साथ भी करते हैं और कभी जब शारीरिक स्थिति अच्छी नहीं होती है, तो उस समय आप शरीर के दूसरे अंग, विशेष तौर पर अपने मस्तिष्क का उपयोग करते हैं कार्यों के संपादन के लिए।

मैं, कांग्रेस और उत्तराखंड के हित के लिए अपने मस्तिष्क का उपयोग कर रहा हूं। इस समय शरीर का उपयोग थोड़ा सा रेस्ट्रिक्ट है और कुछ भाई लोग हैं, जिनमें से कोई कह रहा है कि हरीश रावत साइड लाइन कर दिए गए, कोई कह रहा है कि उन्होंने संन्यास की घोषणा की। भैया, कांग्रेस में ये 60वें वर्ष में मैं प्रवेश करने जा रहा हूं, बस अभी-अभी कुछ ही दिनों में कांग्रेस सदस्य के रूप में मेरा 60वां वर्ष प्रारंभ हो जाएगा, तो कोई भी घोषणा यूं ही किसी के कान पर थोड़ी की जाएगी? यदि जिस दिन मुझे घोषणा करनी होगी, ऐसी कोई बात होगी, कोई भी कदम उठाऊंगा, तो मैं लोगों से परामर्श करूंगा, सबको खबर करूंगा और समारोहपूर्वक करूंगा।

मेरी जिंदगी हमेशा एक खुली किताब रही है। मैं उसको कानाफूसी से नहीं चलाता। ये कानाफूसी, दुष्प्रचार और लोगों को झगड़ाना तो कुछ लोगों का पेशा है। हरीश रावत का लक्ष्य हमेशा लोगों को जोड़ना रहा है और स्पष्टता रही है। मेरे जीवन में एक स्पष्टता है, खुलापन है। वही खुलापन आगे भी, जब तक मैं जिंदा हूं, वह रहेगा और मैं इस यत्न में लगा हूं कि पूर्णतः स्वस्थ हो जाऊं, ताकि फिर बीच में कोई मेडिकल प्रॉब्लम न आए। इसलिये दिल्ली में कुछ लंबा समय हो गया है। उसका लाभ उठाकर मेरे परम मित्रगण कुछ ऐसी भांग फोक देना चाहते हैं, ऐसे फोकने (दुष्प्रचार) वाले लोगों से मीडिया को भी और लोगों व कांग्रेस के लोगों को भी सावधान रहना चाहिये।

ADVERTISEMENTS Ad