देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी मंगलवार को उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के अलौकिक विग्रह के दर्शन किए और मुख्य मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस धार्मिक यात्रा पर उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद रहीं। दोनों ने मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत किया, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की और गहरे ध्यान में लीन नजर आए।


दर्शन करने के उपरांत भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने देश और उत्तराखंड प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि के लिए बाबा से विशेष प्रार्थना की। ‘बाबा जी’ के नाम से मशहूर गायक के कैंची धाम पहुंचने की सूचना मिलते ही वहां उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा गया। प्रशंसकों की भारी भीड़ ने उन्हें घेर लिया और यादों को संजोने के लिए उनके साथ तस्वीरें व सेल्फी खिंचवाईं। हंसराज ने भी बड़ी ही सादगी और सरल भाव से अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।

ADVERTISEMENTS