हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला से तमंचे की नोक पर हुए गैंगरेप और लूट के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 7 जुलाई 2026 की रात को हुई थी, जब पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर पर अकेली थी।
महिला की तहरीर पर 8 जुलाई 2026 को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 14 जुलाई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूलने के बाद उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- शिवम (24 वर्ष), शेखर (22 वर्ष), अरुण (23 वर्ष) — तीनों निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
- विकास (25 वर्ष) — निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना सयाणा, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा, चाकू, बाइक और पीड़िता से लूटे गए झुमके, मोबाइल के टूटे पार्ट्स व बैटरी बरामद कर ली है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

















