गरमपानी: गरमपानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित खीनापानी में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती सामान के साथ गल्ले में रखे एक हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह जब दुकान स्वामी अनूप सिंह जीना रोजाना की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो बाहर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर जांच करने पर दुकान से सामान और गल्ले की नकदी गायब मिली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और स्थानीय व्यापारी भी मौके पर एकत्र हो गए।
पीड़ित दुकान स्वामी अनूप सिंह जीना ने क्वारब चौकी पुलिस को लिखित शिकायती पत्र सौंपकर चोरों का पता लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में चिंता व असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।




























