गरमपानी: राजकीय इंटर कॉलेज खैरना में शनिवार सुबह करीब 10 बजे अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस होने से परिसर में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भूकंप के दौरान मुख्य द्वार पर मलबा गिरने से 22 छात्र-छात्राएं भवन के अंदर फंस गए, जबकि कई विद्यार्थी कमरों में घिर गए। कुछ बच्चों के घायल होने की सूचना से राहत एवं बचाव दलों के सामने तत्काल कार्रवाई की चुनौती खड़ी हो गई। हालांकि यह पूरा घटनाक्रम आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा रहा, लेकिन मौके पर दृश्य और प्रतिक्रियाएं बिल्कुल वास्तविक आपदा जैसी रहीं।
सूचना मिलते ही आपदा कंट्रोल रूम से प्रशासन और खैरना चौकी पुलिस को अलर्ट किया गया। पुलिस और प्रशासनिक टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंची और भवन में फंसे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अभ्यास के दौरान कमरों में रखे फर्नीचर और अन्य सामग्री की चपेट में आने से नौ छात्र-छात्राओं के घायल होने की स्थिति बनाई गई।
खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी फंसे विद्यार्थियों और घायलों को बाहर निकाला तथा तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया पूरी की। मॉक ड्रिल परिदृश्य में दो बच्चों को गंभीर, तीन को हल्की और चार को मामूली चोटें आना दर्शाया गया था। बचाव अभियान के दौरान सूचना मिलने से लेकर रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी कड़ी का परीक्षण किया गया।
यह अभ्यास नैनीताल जिले में विभिन्न स्थानों पर आयोजित आपदा मॉक ड्रिल शृंखला के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य वास्तविक भूकंप की स्थिति में विद्यालय परिसर से बच्चों को कम से कम समय में सुरक्षित बाहर निकालने की क्षमता परखना था। इसके साथ ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता और संसाधनों की तत्परता का भी आकलन हुआ। मॉक ड्रिल ने यह स्पष्ट किया कि संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा के प्रभाव को कम करने के लिए संसाधनों के साथ-साथ प्रशिक्षित टीमों की चुस्ती और समयबद्ध कार्रवाई बेहद निर्णायक है।




























