युवाओं को सत्य, अनुशासन और बड़े सपने देखने का दिया संदेश
( कुमाऊं विश्वविद्यालय और लीलाधर भट्ट मेमोरियल कल्याणी समिति के बीच समझौता साइन हुआ।)



कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग मे स्किल डेवलपमेंट लैब का उद्घाटन उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

कार्यक्रम में लंदन स्थित एलारा कैपिटल के चेयरमैन एवं सीईओ तथा कुमाऊँ विश्वविद्यालय के विशिष्ट पूर्व छात्र श्री राज भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने की।इस अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय एवं लीलाधर भट्ट मेमोरियल कल्याणी समिति के मध्य एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य शैक्षणिक एवं कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन की दिशा में सहयोग को बढ़ावा देना है।


उद्घाटन अवसर पर न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सदैव सत्य बोलने और नैतिक मूल्यों का पालन करने का प्रयास करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति में अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।


श्री राज भट्ट ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा युवाओं को बड़े सपने देखने, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान में जीते हैं और भविष्य के सपने देखते हैं। इसलिए उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने ज्ञान से मस्तिष्क को समृद्ध बनाने, पूर्वाग्रहों से मुक्त दृष्टिकोण विकसित करने तथा शिक्षा को सेवा से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने ‘शिक्षार्थ सेवार्थ’ की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करना है। स्किल डेवलपमेंट लैब की स्थापना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को उद्योग, रोजगार और बदलती आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा ‘जीएसटी यूसिंग टैली ’ पाठ्यक्रम का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी सुश्री रुचिका भट्ट एवं श्री नवल गुरुरानी का विशेष सम्मान किया गया।


कार्यक्रम का स्वागत संबोधन डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. संजय पंत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने प्रस्तुत किया।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रीतेश साह, वित्त अधिकारी श्री कमलेश भंडारी, कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एल.एस. लोधियाल, प्रो. अरविंद अधिकारी, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. प्रीति आर्य, डॉ नंदन, डॉ अनिता, डॉ पूरन, डॉ मोहित, डॉ निधि सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad