प्रथम नवरात्र से शुरू होने वाले श्री रामलीला मंचन को लेकर उत्साह; खैरना स्थित सोमवारी महाराज मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली शोभायात्रा
गरमपानी। आगामी प्रथम नवरात्र से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री रामलीला मंचन को लेकर मंगलवार को गरमपानी में ‘हनुमान झंडी यात्रा’ का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। श्रीरामलीला सेवा समिति गरमपानी के अध्यक्ष रघुवर दत्त जोशी और कार्यकारिणी अध्यक्ष त्रिभुवन पाठक के संयुक्त नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ खैरना स्थित प्रसिद्ध सोमवारी महाराज मंदिर से हनुमान ध्वज पूजन के साथ हुआ। ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं के ‘जय श्रीराम’ के जयघोष के बीच निकली यह शोभायात्रा खैरना बाजार से होते हुए गरमपानी रामलीला मैदान पहुंची।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग में रंगे इस आयोजन में स्थानीय महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा और पिछौड़े में सजी महिलाओं ने पदयात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। यात्रा के दौरान खैरना बाजार में बाल हनुमान की मनमोहक वेशभूषा धारण किए बच्चों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
रामलीला मैदान पहुंचने के पश्चात आचार्यों द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान झंडी की स्थापना की गई। इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और श्रीराम स्तुति व भजन-कीर्तन का गायन किया। कार्यक्रम का समापन भंडारे के महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट अंकित साह, अध्यक्ष रघुवर दत्त जोशी, त्रिभुवन पाठक, भाष्कर तिवारी, राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य जीशांत कुमार सिंकू, व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल, बालम पिनारी, भुवन तिवारी, मीमांसा आर्या, सतीश नैनवाल समेत रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

















