भीमताल/नैनीताल। नैनीताल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कुमाऊँ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुर्गा सप्लाई की आड़ में पहाड़ी क्षेत्रों से तराई के इलाकों में चरस की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है।

​जानकारी के मुताबिक, खुटानी बैंड के पास रूटीन चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने एक अल्टो कार और बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली। इस दौरान बोलेरो पिकअप से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया, जिनकी पहचान अख्तर हुसैन (निवासी भीमताल) और विजय सिंह बिष्ट (निवासी मुक्तेश्वर) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले दोनों वाहनों को सीज कर दिया है।

​कार्रवाई के दौरान मौका पाकर एक अन्य आरोपी, जिसकी पहचान बच्चीराम के रूप में हुई है, पास के जंगल की ओर फरार हो गया। एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस टीम फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार जंगलों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad