पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर स्थित पंपाबे क्षेत्र में, पार्किंग में खड़ी एक पर्यटक बोलेरो गाड़ी के ऊपर अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान गिर गई। इस भीषण हादसे में वाहन में सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन में सवार सभी यात्री प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पंचाचूली बेस कैंप का दीदार कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन पंपाबे के पास पार्किंग क्षेत्र में खड़ा था। तभी अचानक ऊपर पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और एक भारी-भरकम चट्टान सीधे वाहन के ऊपर आ गिरी। पत्थर गिरने की वजह से बोलेरो वाहन पूरी तरह मलबे में तब्दील और क्षतिग्रस्त हो गया।

चट्टान गिरते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की राहत दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

​फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और मृतकों व घायलों की शिनाख्त (पहचान) करने का प्रयास कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मानसून और बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा कर रहे सभी स्थानीय लोगों और पर्यटकों से बेहद सावधानी बरतने और सतर्क रहने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad