लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब आठवीं कक्षा का 13 वर्षीय छात्र अमिताभ अपनी फरियाद लेकर सीधे अधिकारियों के सामने पहुंच गया. बच्चे ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार के सामने बिना किसी डर के बड़े आत्मविश्वास के साथ अपनी पारिवारिक समस्या रखी।


अमिताभ ने बताया कि उसके घर के एक हिस्से पर उसके ताऊ-ताई ने ताला लगा दिया है. गरीब परिवार होने के कारण वे इस हिस्से को किराए पर देकर अपने घर और पढ़ाई का खर्च चलाना चाहते हैं. छात्र ने यह भी शिकायत की कि पुलिस चौकी में कई बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

बच्चे की इस स्पष्टवादिता और मासूमियत को देख वहां मौजूद सभी अधिकारी बेहद प्रभावित हुए. जिलाधिकारी ने धैर्यपूर्वक उसकी बात सुनी और पुलिस को तत्काल प्राथमिकता के आधार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad